
अमृतसर, 17 फरवरी(राजन):नगर निगम अमृतसर के कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देशों के तहत नगर निगम शहर की सीमा के भीतर चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर रहा है। यह कार्रवाई माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के अवैध डेयरियों को हटाने और शहरी स्वच्छता बनाए रखने संबंधी आदेशों के तहत में की जा रही है।
इस संबंध में निगम कमिश्नर द्वारा निगम अधिकारियों के साथ मीटिंग की गई। मीटिंग में सहायक कमिश्नर विशाल वाधवन, राजिंदर शर्मा, सचिव सुषांत भाटिया तथा एसएमओ डॉ. गीतू चावला उपस्थित रहे और निर्देशों के क्रियान्वयन की रणनीति पर चर्चा की गई।
निगम कमिश्नर शेरगिल ने बताया कि नगर निगम नियमों का उल्लंघन कर डेयरी चला रहे डेयरी मालिकों की पहचान कर ली है। प्रशासन ने पशुओं को पिंजरा पोल गौशाला तथा रामतीर्थ रोड गौशाला में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। जब्त किए जाने वाले पशुओं की पहचान और टैगिंग का कार्य संबंधित टीमों द्वारा किया जा रहा है।
नगर निगम ने यह भी निर्णय लिया है कि निर्देशों का पालन न करने वाले डेयरी मालिकों के बिजली, पानी और सीवरेज कनेक्शन पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड , जल आपूर्ति विभाग और सीवरेज विभाग के सहयोग से काट दिए जाएंगे।
शहर के विभिन्न जोनों में कुल 354 डेयरियां और 5,443 पशु इस वक्त हैं। इनमें से 46 डेयरी मालिक नगर निगम से संपर्क कर अपनी डेयरियों को नगर सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की इच्छा जता चुके हैं। शेष डेयरी मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है और पशुओं के पुनर्वास तथा कानूनी कार्रवाई के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यह अभियान 28 फरवरी 2026 को चलाया जाएगा। फतेहपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स में प्लॉटों के आवंटन के लिए इच्छुक डेयरी मालिक 25 फरवरी 2026 को निर्धारित ई-बिड प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
नगर निगम ने डेयरी मालिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने पशुओं को अधिकृत स्थानों पर स्थानांतरित करें और दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News