मंत्री ने कहा- रात 10 से 2 बजे तक चलेगा विशेष अभियान: सफाई व्यवस्था को लेकर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

अमृतसर, 16 जून(राजन): पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ‘क्लीन पंजाब मिशन’ के तहत सफाई व्यवस्था को लेकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रात और फिर सुबह तीन घंटे तक वॉल्ड सिटी और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई प्रबंधों की समीक्षा की। उनके साथ केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता, मेयर जितेंद्र सिंह भाटिया, नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और निगम अधिकारी मौजूद थे ।

अमृतसर केवल एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता का केंद्र है
हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “अमृतसर केवल एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता का केंद्र है।” उन्होंने बताया कि अब पहली बार सफाई कार्य केवल दिन के समय तक सीमित नहीं रहेगा। प्रतिदिन रात 10 बजे से प्रातः 2 बजे तक विशेष सफाई पाली चलाई जा रही है ताकि श्री हरिमंदिर साहिब में अमृत बेला के दर्शन के लिए आने वाली संगत को स्वच्छ और साफ-सुथरी सड़कें मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इस मौके पर मैंने शहर के लोगों से बात करके यह जानने की कोशिश की कि सफाई सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए क्या सुधार किए जा सकते हैं। इसके साथ ही मैंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सिस्टम का भी इंस्पेक्शन किया।उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब के तहत अब सब लोग एक ही तरह से काम करते दिखेंगे – ऑफिस में बैठकर नहीं, बल्कि गलियों, मोहल्लों और मार्केट में लोगों के बीच रहकर लोगों की सलाह से ही यह मिशन सफल होगा।

सफाई व्यवस्था को लेकर कोई भी कोताही ही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रंजीत एवेन्यू स्थित नगर निगम कार्यालय में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह, विधायक डॉ अजय गुप्ता, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू, मेयर जितेंद्र सिंह भाटिया, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, नगर निगम अधिकारियों और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम द्वारा जिस कंपनी को ठेका दिया हुआ है, उस कंपनी के अधिकारियों के साथ मीटिंग की।

मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कंपनी के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार सफाई व्यवस्था को लेकर कोई भी कोताही ही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा

कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि कि अमृतसर में अब रात के समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत रोजाना रात 10 बजे से सुबह 2 बजे तक सड़कों और प्रमुख मार्गों की सफाई की जाएगी, ताकि सुबह श्री दरबार साहिब में माथा टेकने आने वाली संगत को एक साफ-सुथरा और सुंदर शहर देखने को मिले।

उन्होंने कहा कि यह पहल अभी शुरुआत है। आने वाले समय में इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। मंत्री बैंस ने यह भी बताया कि वह हर सप्ताह किसी भी रात अचानक निरीक्षण करेंगे, ताकि सफाई व्यवस्था की जमीनी स्थिति का आकलन किया जा सके और सुधार की प्रक्रिया लगातार
जारी रहे।
सफाई व्यवस्था को लेकर एक सप्ताह के भीतर रिव्यू मीटिंग करेंगे
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों,दुकानदारों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर सफाई के बाद लोग दोबारा कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे शहर को साफ रखना मुश्किल हो जाता है। जितना अमृतसर साफ और सुंदर होगा, उतना ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापारियों कीआय में भी वृद्धि होगी। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि गुरु नगरी अमृतसर की सफाई व्यवस्था को लेकर एक सप्ताह के भीतर वह दोबारा अमृतसर में आकर रिव्यू मीटिंग करेंगे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News