विधायक डॉ अजय गुप्ता ने आधा दर्जन क्षेत्रों में विकास कार्य के किए उद्घाटन

अमृतसर, 1 अगस्त (राजन): केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता ने आज आधा दर्जन क्षेत्रों में विकास कार्यों के उद्घाटन किए। विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब हलके में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर से करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के लिए मंजूरी ले ली गई है। जिसके आज उद्घाटन कर दिए गए हैं। उन्होंने आज वार्ड नंबर 60 के क्षेत्र सूरज गली, अंजुमन पार्क में सीवरेज डालने और कंक्रीट से गलियां बनाने, वार्ड नंबर 53 के क्षेत्र भद्रकाली ग्राउंड में सीवरेज, ग्राउंड में सीसी फ्लोरिंग, फुटपाथ बनाने, कटरा भाई संत सिंह में इंटरलॉकिंग टाइल से फर्श बनाने, पौधारोपण करने और वार्ड नंबर 73 में इंटरलॉक की टाइल से गलियां, पब्लिक टॉयलेट सेट और ट्यूबवेल लगाने के विकास कार्यों के उद्घाटन किए। उन्होंने कहा कि कटरा भाई संत सिंह में पहले इस जगह पर एक कूड़े का डंप हुआ करता था। पहले इस डंप को हटाया गया और अब यहां पर पौधारोपण के साथ-साथ इंटरलॉकिंग टाइलों से फर्श बनाकर बैठने के लिए बेंच बनाए जाएंगे।

विकास के बड़े प्रोजेक्ट समय अवधि के भीतर पूरे होंगे
विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र की सभी 14 वार्डों और तीन पंचायतो में तेजी से विकास कार्य करवाए गए है और विकास कार्य चल भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर से केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास कार्य आज शुरू करवाए गए हैं। सभी विकास कार्य जल्द पूरे करवा भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट समय अवधि के भीतर ही पूरे करवा दिए जाएंगे। जिन में श्री दरबार साहिब की ओर जाने वाली चार रेडियल रोड, कैरो मार्केट आधुनिक पार्किंग स्टैंड, खापरखेड़ी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कैपेसिटी बढ़ाने और वन सिटी वन ऑपरेटर प्रोजेक्ट शामिल है।

पार्कों में झूले और ओपन जिम लगाए जाएंगे
विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में पड़ते सभी पार्कों का सौंदर्यकरण करवा कर वहां पर झूले और ओपन जिम बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करवा दी गई है। विधायक डॉ गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जी का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से संबंधित जब भी कोई प्रोजेक्ट उनके पास लेकर जाते हैं, उनको मंजूरी मिल जाती है। उन्होंने कहा कि उन प्रोजेक्ट के लिए फंड की कोई कमी नहीं आती है। इस अवसर पर हल्के के संगठन इंचार्ज हरप्रीत सिंह आहलूवालिया,वार्ड इंचार्ज विकास गिल, वार्ड इंचार्ज साजन कुमार, बाबा सलीम, कवल पन्नू, चिराग कुमार, मोनिका भट्टी, रितु महाजन, अशोक कुमार और भारी संख्या में इन क्षेत्रों के लोग मौजूद थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News