
अमृतसर, 30 सितंबर(राजन):जापान की धरती पर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के निशानेबाजों ने निशानेबाजी का ऐसा जलवा दिखाया कि पदकों की झड़ी लग गई। एशियाई खेलों में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण और 4 रजत पदक जीतकर विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। नीरू ने ट्रैप के व्यक्तिगत और मिश्रित टीम मुकाबले में दो स्वर्ण पदक जीतकर विशेष गौरव हासिल किया, जबकि ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, आशी चौकसी, मनीषा कीर और नीरू ने रजत पदकों के साथ देश और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया।
इस शानदार उपलब्धि पर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने विजेता खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करते हुए उन्हें दिल से बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का झंडा ऊंचा करना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की दूरदर्शी खेल नीति, खिलाड़ियों को मिल रही निरंतर हौसला-अफजाई और बेहतर खेल माहौल ने उन्हें बड़े मुकाबलों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपनी खुशी का इजहार करते हुए और उप-कुलपति प्रो. करमजीत सिंह द्वारा खेलों के प्रति दिए जा रहे प्रोत्साहन तथा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के लिए धन्यवाद करते हुए निदेशक खेल, डॉ. कंवर मनदीप सिंह ने बताया कि पदक विजेताओं में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और आशी चौकसी ने 50 मीटर राइफल टीम मुकाबले में रजत, जबकि मनीषा कीर और नीरू ने ट्रैप टीम मुकाबले में रजत पदक जीते। नीरू ने ट्रैप व्यक्तिगत और ट्रैप मिश्रित टीम मुकाबलों में दो स्वर्ण पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की।
इस खुशी के अवसर पर डीन अकादमिक मामले, प्रो. हरविंदर सिंह सैणी और रजिस्ट्रार प्रो. के.एस. चहल ने भी खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई दी। प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने डायरेक्टोरेट ऑफ स्पोर्ट्स की पूरी टीम को भी खिलाड़ियों की तैयारी, मार्गदर्शन और इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में दिए योगदान के लिए बधाई दी। डॉ. सतनाम सिंह देओल भी इस अवसर पर मौजूद थे और उन्होंने सभी खिलाड़ियों तथा खेल स्टाफ को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News