
अमृतसर, 20 सितंबर(राजन): ‘शेर-ए-पंजाब’ टी-20 लीग के तीसरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘अमृतसर सूरमाज़’ ने खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अमृतसर सूरमाज़ ने लुधियाना लायंस को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुरु नगरी पहुंची विजेता टीम को बधाई देने के लिए गांधी ग्राउंड, अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
इस अवसर पर अमृतसर दक्षिण से विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, विधायक जसविंदर सिंह, टीम स्पॉन्सर डॉ. शाहबाज सिंह, अंकुर अग्रवाल और अजय क्वात्रा सहित अमृतसर गेम्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि सौरव व सागर, एसडीएम अमृतसर-II गुरमंदर सिंह, कोच संदीप सनवाल व मनीष शर्मा, टीम मैनेजर लवली अरोड़ा तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लुधियाना लायंस ने 20 ओवर में 142 रन बनाए। जवाब में अमृतसर सूरमाज़ ने 16.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाकर 8 विकेट से जीत हासिल की। मायंक मार्कंडे ने 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। सहज धवन ने नाबाद 63 रन, राहुल कुमार ने नाबाद 42 रन तथा कप्तान नमन धीर ने 29 रन बनाए।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए नमन धीर को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा सेमीफाइनल में भी शानदार पारी खेलकर टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News