सुधीर सूरी की हत्या की सुरेश महाजन ने की घोर निंदा
अमृतसर,4 नवंबर(राजन):भारतीय जनता पार्टी अमृतसर के अध्यक्ष सुरेश महाजन ने शिवसेना नेता सुधीर सूरी की सरेआम गोली मार कर की गई हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी के सरकार बनी है, तब से लेकर आज तक कई दिग्गज लोगों की सरेआम हत्याएं हो चुकी हैं। लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान या उनकी सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।सुरेश महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब को भगवान भरोसे छोड़ कर खुद अन्य राज्यों की सैर में व्यस्त हैं। पंजाब मेंकानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं है। भगवंत मान सरकार के 7 महीने के शासनकाल में पंजाब में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें सरकार या पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ नहीं रहा। गैंगस्टर व अपराधी रोजाना पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं और सरकार व पुलिस-प्रशासन मूक-दर्शक बनकर तमाशा देख रहे हैं। शिवसेना नेता सुधीर सूरी अमृतसर के स्थानीय गोपाल मंदिर के पास धरना देकर प्रदर्शन कर रहे थे, कि उनकी गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। महाजन ने कहा कि अब तो आम जनता सरकार या पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध आवाज़ उठाने व धरने-प्रदर्शनों में जाने से भी डरेगी। आज पंजाब की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता जब हत्या नहीं होती।
सुरेश महाजन ने कहा कि भगवंत मान और केजरीवाल दोनों मिलकर पंजाब को काले दौर में धकेलने पर तुले हुए हैं। जब से पंजाब में आप सरकार बनी है तब से पंजाब में देश-विरोधी ताकतों व खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियों में बहुत बढ़ौतरी हुई है। भगवंत मान पंजाब की सत्ता संभालने में नाकाम रहे हैं।
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन करें