
अमृतसर, 31 दिसंबर (राजन): नगर निगम अमृतसर के लिए साल 2023 ठीक-ठाक नहीं रहा है। पहले तो 24 जनवरी 2023 को नगर निगम का हाउस समाप्त हो गया। जिससे नगर निगम में तब से ना तो कोई मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और ना ही कोई पार्षद है। निगम का हाउस होने पर हाउस मीटिंग में पार्षद अपनी अपनी वार्ड और शहर की समस्याएं उजागर करते हैं, जिस पर निगम अधिकारियों को भी सतर्क रहना पड़ता है। प्रतिदिन शहर वासी भी अपनी अपनी समस्या लेकर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और सब कमेटियों के बने चेयरमैन पार्षदों को निगम कार्यालय में मिलने आते हैं। अब यह सिलसिला नहीं हो रहा। यहां तक भी अगर कोई अपनी समस्या लेकर निगम कार्यालय में आता है तो उनको अधिकारी भी कार्यालय में नहीं मिलते हैं।
निगम कमिश्नर के तबादले
निगम कमिश्नरो के तबादलों का सिलसिला जारी है। पहले 2022 में भी निगम कमिश्नरों के तबादले का सिलसिला जारी रहा। अब साल 2023 में भी यह सिलसिला जारी है। नवंबर 2022 के अंत में आईएएस अधिकारी कुमार सौरभ राज का निगम कमिश्नर के पद से तबादला होने के उपरांत संदीप ऋषि को 27 नवंबर 2022 को एक बार फिर नगर निगम कमिश्नर नियुक्त कर दिया गया। संदीप ऋषि का 10 अगस्त 2023 को कमिश्नर पद से हटा कर आईएएस अधिकारी राहुल को निगम कमिश्नर नियुक्त किया गया। फिर 5 दिसंबर 2023 को राहुल का नगर निगम कमिश्नर से तबादला कर दिया गया है। पंजाब सरकार द्वारा अभी नगर निगम का कमिश्नर किसी को भी नियुक्त नहीं किया है। पंजाब सरकार के लोकल बॉडी विभाग के विशेष सेक्रेटरी द्वारा अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी को 15 दिसंबर को नगर निगम कमिश्नर का भी चार्ज दे दिया गया। डीसी घनश्याम थोरी के पास डिप्टी कमिश्नर के ही बहुत ही कार्य है। जिस कारण वह नगर निगम कमिश्नर का पूरी तरह से कार्य नहीं कर रहे हैं।जिस कारण नगर निगम की पटरी बिगड़ती चली जा रही है। नगर निगम शहर वासियों को मूलभूत सुविधाएं देने साथ-साथ, विकास और अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं देता हैं।
निगम अधिकारियों की भी कमी
नगर निगम में अधिकारियों की भी कमी है। पिछले लंबे अरसे से निगम में एक ही निगरान इंजीनियर है। साल 2023 के अगस्त महीने में निगरान इंजीनियर सिविल दीपेंद्र सिंह संधू लंबी छुट्टी लेकर चले गए।उसके बाद निगरान इंजीनियर ओ एंड एम सतेंदर कुमार सेवानिवृत हो गए। एकमात्र निगरान इंजीनियर संदीप सिंह इस वक्त निगम के सिविल, ओ एंड एम, स्ट्रीट लाइट और बागवानी विभाग का कार्य देख रहे हैं। इसी के साथ-साथ निगम में एक्सईएन और अन्य विभागों में भी अधिकारियों की कमी है। पिछले लंबे अरसे से पंजाब सरकार के लोकल बॉडी विभाग द्वारा अधिकारियों की कमी को पूरा नहीं किया जा रहा है।
समय अवधि के भीतर प्रोजेक्ट पूरे नहीं हो रहे
नगर निगम का हाउस और निगम कमिश्नर के न होने के कारण समय अवधि के भीतर कार्य पूरे नहीं हो रहे हैं।वर्ल्ड बैंक के सहयोग से नहरी पानी प्रोजेक्ट चल रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 665.32 करोड रुपए लागत आएगी। इस प्रोजेक्ट को जून 2024 तक पूरा किया जाना है। इस प्रोजेक्ट पर अभी तक 40% ही कार्य हुआ है। इसी तरह से आई ट्रिपल सी ( सीसीटीवी कैमरे लगाना ), वाॉल्ड सिटी के बाहर स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट की समय अवधि पूरी हो चुकी है किंतु इन दोनो प्रोजेक्टों पर कार्य चल रहा है। इसी तरह से राही परियोजना प्रोजेक्ट को शुरू किया गया था, इसकी भी बहुत ही धीमी शुरुआत हुई है। इस परियोजना के तहत पुराने डीजल ऑटो चालक 1.40 लाख रुपए की सब्सिडी लेकर नया ई ऑटो ले सकते हैं। डीजल ऑटो चालकों का इस ओर विशेष ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह सभी प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी लिमिटेड के हैं। जून 2024 में स्मार्ट सिटी लिमिटेड समाप्त होने जा रही है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News