Breaking News

7 राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर सांसद गुरजीत सिंह औजला का तीखा हमला कहा

सांसद गुरजीत सिंह औजला।

अमृतसर, 24 अप्रैल (राजन):आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के एक साथ भाजपा में शामिल होने पर अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घटनाक्रम का पंजाब की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि ये लोग जनाधार वाले नेता नहीं बल्कि ऐसे “व्यापारी प्रवृत्ति” के लोग थे, जिन्हें आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर चुनकर राज्यसभा भेजा था। पंजाब की जनता ने इन्हें सीधे नहीं चुना था।

औजला ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी के पतन की शुरुआत है और 2027 में पंजाब से उसकी विदाई तय है। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक घटनाक्रम ने यह साफ कर दिया है कि आम आदमी पार्टी की नींव सिद्धांतों पर नहीं बल्कि अवसरवाद पर टिकी हुई थी।

उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नैतिकता के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि जहां उसका जनाधार कमजोर होता है, वहां एजेंसियों के दबाव और ताकत के सहारे काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दलबदल से न पंजाब को कोई फर्क पड़ने वाला है और न भाजपा को कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला है।

औजला ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर जिन लोगों को आगे बढ़ाया, आज उसी का खामियाजा भुगत रही है। “जो बोया है, वही काट रही है,” उन्होंने कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए संविधान की भावना को नजरअंदाज किया, मीडिया संस्थानों को निशाना बनाया और पंजाब में विजिलेंस का दुरुपयोग किया। आज भाजपा भी एजेंसियों के जरिए वही राजनीति कर रही है।

सांसद औजला ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कोई वैचारिक आधार नहीं है। वह झूठे वादों के सहारे सत्ता में आई थी और अब जब सच सामने आ रहा है तो उसका पर्दाफाश हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक इतिहास में यह सबसे काला दौर है जब एक साथ सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी बदल ली हो।

उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम सिर्फ आम आदमी पार्टी की अंदरूनी कमजोरी ही नहीं उजागर करता, बल्कि यह भी साबित करता है कि सिद्धांतविहीन राजनीति ज्यादा दिन नहीं चल सकती। पंजाब की जनता सब देख रही है और 2027 में इसका जवाब देगी।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

एस.आई.आर.-2026: 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं: डिप्टी कमिश्नर

डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह। अमृतसर, 11 सितंबर(राजन): भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *