
अमृतसर, 26 अप्रैल : अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के वॉलिंटियर्स ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन राघव चड्ढा सहित सात राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के विरोध में आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में ‘आप’ वॉलिंटियर्स ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता और आम आदमी पार्टी के वॉलिंटियर्स ने प्रदर्शन के दौरान “पंजाब के गद्दार मुर्दाबाद” और “जनता के भरोसे से धोखा नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिन सांसदों को पार्टी ने राज्यसभा में भेजा था, उन्होंने पंजाब के मुद्दों को संसद में ठीक से नहीं उठाया। उनका कहना है कि इन नेताओं ने जनता के भरोसे के साथ धोखा किया है और बाद में राजनीतिक फायदे के लिए दूसरी पार्टियों से जुड़ गए।
विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत दिलाई थी, लेकिन इन नेताओं ने उस भरोसे का सम्मान नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता जनता के मुद्दों की बजाय अपने निजी हितों में लगे रहे। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वॉलिंटियर्स ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पंजाब के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसे ही हालात रहे तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के पार्षद , संगठन इंचार्ज, ब्लॉक इंचार्ज और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News