
अमृतसर,30 जनवरी (राजन):पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेसी नेता ओम प्रकाश सोनी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो ने जांच तेज कर दी है। सोमवार चंडीगढ़ से विजिलेंस विभाग की टीम जांच के लिए अमृतसर पहुंची है। टीम ने जहां ओपी सोनी की प्रॉपर्टी के कागजों की जांच की, वहीं प्रॉपर्टी असेसमेंट भी की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार चंडीगढ़ से पहुंची टीमें सीधा ही पूर्व डिप्टी सीएम के होटल और फार्म हाऊस पर पहुंची। एसएसपी विजिलेंस वरिंदर सिंह ने बताया कि ओपी सोनी की आमदनी से अधिक इनकम के संबंध में जो इंक्वायरी चल रही है, उस मामले में चंडीगढ़ से टीम पहुंची है। उनकी प्रॉपर्टी की असेसमेंट करवाई जा रही है। अभी तक जो प्रॉपर्टियां सामने आई हैं, उनकी जांच की जा रही है। भविष्य में भी जो प्रॉपर्टियां सामने आएंगी, उनकी भी जांच की जाएगी।
ओपी सोनी दे चुके हैं बैंक व प्रॉपर्टी डॉक्यूमेंट
एसएसपी वरिंदर सिंह ने कहा कि आज टीमें उनके फार्म हाऊस व होटल के अलावा एक गोदाम में भी पहुंची है। अभी जांच चल रही है। वहीं ओपी सोनी अपने बैंक व प्रॉपर्टी के डॉक्यूमेंट जमा करवा चुके हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
दिसंबर में दिया गया था सम्मन
विजिलेंस ब्यूरो की तरफ से दिसंबर 2022 को पूर्व डिप्टी सीएम के घर पर नोटिस दिया गया था। उसमें उन्हें आय संबंधी जानकारी व ब्योरा पेश करने के लिए कहा गया। इसमें 2017 से 2022 तक की आय की जांच की बात कही गई। इस दौरान उनसे उनकी प्रॉपर्टी का ब्योरा भी मांगा गया।
15 सालों में 18 गुणा बढ़ी प्रॉपर्टी

2022 चुनावों से पहले सोनी की ओर से दिए गए शपथ पत्र पर नजर दौड़ाएं तो उनकी चल-अचल संपत्ति में 2007 से लेकर 2022 तक के 15 सालों में 18 गुणा बढ़ोतरी हुई है। ओम प्रकाश सोनी ने 2007 में शपथ पत्र में अपनी संपत्ति 1 करोड़ रुपए दिखाई थी। वहीं, 2017 में उनकी चल संपत्ति 48.56 लाख और पत्नी की चल संपत्ति 56.09 लाख रुपए की दिखाई गई। वहीं इस साल उनकी चल संपत्ति 72.50 लाख और पत्नी की चल संपत्ति 1.02 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। अचल संपत्ति की बात करें तो 2017 में सोनी के पास 11.74 करोड़ व पत्नी के पास 5.50 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति थी। वहीं इस साल उनकी अचल संपत्ति 16.98 करोड़ है, जो पैतृक है और पत्नी की चल संपत्ति में 6 करोड़ रुपए है। पत्नी के पास उनके पैतृक प्रॉपर्टी भी है, इसकी वैल्यू 2 करोड़ रुपए है।
न पत्नी ने सोना खरीदा न डिप्टी सीएम ने
2017 से लेकर 2022 तक डिप्टी सीएम ने कोई भी सोने की वस्तु नहीं खरीदी। उनकी पत्नी के पास जहां 2017 के जितना ही 1.500 किलोग्राम सोना है, वहीं उनके अपने पास 750 ग्राम सोना है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास दो कैरट के डायमंड भी हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News