
अमृतसर,23 फरवरी (राजन):खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी तूफान सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए। हजारों की संख्या में आक्रोशित लोग बंदूक, तलवारें और लाठियां लेकर अमृतसर में थाना घेर दिया है। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरीकेड लगाए तो वे उसे तोड़कर थाने के अंदर घुस गए। मौके पर हंगामा जारी है। माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण बना हुआ है। अमृतपाल ने ही अपने समर्थकों से गुरुवार सुबह 11 बजे अजनाला पहुंचने के लिए कहा था। इसके बाद यहां भीड़ इकट्ठा हो गई। माहौल की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस भी एक्टिव हो गई और अमृतपाल के पहुंचने से पहले ही उनके समर्थकों को उठाना शुरू कर दिया। इससे माहौल गर्मा गया। हंगामे की सूचना के बाद अमृतपाल भी अजनाला थाने में पहुंच गया है। यहां आकर उसकी एसएसपी सतिंदर सिंह से मीटिंग हुई। जिसके बाद पुलिस को तूफान सिंह को छोड़ने के लिए एक घंटे का टाइम दिया गया है। इस दौरान वह थाने के बाहर ही डटे हुए हैं।

छावनी में तब्दील हुआ अजनाला
अजनाला पुलिस थाने में अमृतपाल, उसके साथी तूफान सिंह समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। इन लोगों ने अमृतपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले एक युवक को किडनैप करने के बाद उसेबुरी तरह पीटा था। इसी केस में पुलिस ने तूफान सिंह को गिरफ्तार किया था। इससे अमृतपाल भड़क गया और उसने गुरुवार को अजनाला पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। जिस पर अजनाला पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
पर्चा खारिज करो
अमृतपाल सिंह ने कहा कि उनके और उनके साथियों के विरुद्ध पुलिस ने झूठा पर्चा दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि झूठे पर्चे को खारिज किया जाए। अन्यथा इस जगह पर पक्का मोर्चा लगा दिया जाएगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें