
अमृतसर, 18 सितंबर (राजन): अमृतसर शहर की खराब सफाई व्यवस्था को लेकर आज कांग्रेसी पार्षदों और कांग्रेसी पदाधिकारी द्वारा नगर निगम मुख्य कार्यालय रंजीत एवेन्यू के बाहर रोष स्वरूप धरना दिया गया।

कांग्रेस की ओर से मेयर पद के उम्मीदवार पार्षद विकास सोनी की अध्यक्षता में सभी कांग्रेस पार्षदों, वार्ड प्रभारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरु नगरी अमृतसर में कूड़े और गंदगी के ढेर, क्षतिग्रस्त सीवरेज व्यवस्था, खराब सड़कों और घरों में आ रहे गंदे पीने के पानी के खिलाफ अमृतसर नगर निगम और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कंपनी के कार्य बंद करने से पहले निगम को पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे
इस अवसर पर पार्षद विकास सोनी ने कहा कि अवर्डा कंपनी के काम बंद करने से पहले नगर निगम को पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे। ऐसा नगर निगम द्वारा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एक तरफ कंपनी द्वारा कार्य बंद कर दिया गया, दूसरी और नगर निगम द्वारा पुख्ता इंतजाम न होने के कारण लोगों के घरों में कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी के ढेर लगने के कारण बीमारियां फैल रही हैं।पार्षद विकास सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा शहरवासियों के हक में रोष प्रदर्शन जारी रहेंगे।

सीवरेज व्यवस्था और पीने के पानी का बुरा हाल
पार्षद विकास सोनी ने कहा कि शहर की इस वक्त सीवरेज व्यवस्था चरमराई हुई है। सीवरेज जाम रहने के कारण सीवरेज का गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों के घरों में पीने का पानी कहीं जगह तो आ नहीं रहा, अगर आ रहा तो गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के मेयर जितेंद्र सिंह मोती भाटिया के पास नगर निगम हाउस में बहुमत नहीं है। जिस कारण मोती भाटिया द्वारा नगर निगम हाउस की मीटिंग नहीं बुलाई जा रही है। पार्षद विकास सोनी ने कहा कि नगर निगम अमृतसर मेयर पद को लेकर उनके द्वारा माननीय पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की हुई है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर उनको और उनकी पार्टी को पूरा विश्वास है। इस पर आने वाले दिनों में हाई कोर्ट से निर्णय भी आ जाएगा। इस अवसर पर अरुण कुमार पप्पल, महेश खन्ना, यूनस कुमार, नवदीप हुंदल, सुरिंदर शिंदा, सतीश बल्लू, संजीव टांगरी, रमन रम्मी, अमृतपाल सिंह, संदीप रिंका, सुनील कोंटी, इकबाल शेरी, अमित विकी, गगन, कमल पहलवान, कुलदीप सिंह, राजीव छाबड़ा, परमजीत चोपड़ा व कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें