
अमृतसर, 3 अगस्त(राजन): हलका अमृतसर पूर्वी की विधायक डॉ. जीवनजोत कौर ने अपने विधानसभा क्षेत्र की बेटियों एवं बहनों के साथ मिलकर पंजाबी संस्कृति के प्रतीक तीज के त्योहार को पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खुशियों और आपसी भाईचारे का अनूठा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुई महिलाओं ने गिद्धा, बोलियां और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज के पर्व का भरपूर आनंद लिया। विधायक डॉ. जीवनजोत कौर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी बहनों को स्नेह एवं सम्मान के प्रतीक स्वरूप उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. जीवनजोत कौर ने कहा कि तीज का त्योहार हमारी समृद्ध पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। यह पर्व बेटियों एवं बहनों को प्रेम, अपनत्व और आपसी सौहार्द के मजबूत बंधन में जोड़ता है।
डॉ. जीवनजोत कौर ने कार्यक्रम में शामिल होकर इसे यादगार बनाने वाली सभी बहनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। साथ ही उन्होंने उन्हें मिले अपार स्नेह, सम्मान और सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों का भी धन्यवाद किया।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News