
अमृतसर, 4 अगस्त : पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा जिले भर में 6.50 लाख पौधे लगाने के लिए चलाई जा रही विशेष पौधारोपण मुहिम तेज गति से जारी है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और 15 अगस्त तक इस लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने संपूर्ण मानवता को समानता, निःस्वार्थ सेवा और प्रकृति से प्रेम करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गुरु जी के 650वें प्रकाश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले भर में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे समय पर पूरा करने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ये पौधे गांवों की सांझी जगहों, शामलात जमीनों, शहरी पार्कों, सरकारी एवं निजी स्कूलों-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, सड़कों के किनारों, नहरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने और लगाए गए पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा करना और उन्हें बड़े वृक्षों के रूप में विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि जिस विभाग या संस्था को पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे, उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसी विभाग या संस्था की होगी।
उन्होंने स्कूल विद्यार्थियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, क्लबों और आम लोगों से इस पर्यावरण हितैषी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि यह प्रयास श्री गुरु रविदास जी के संदेशों को व्यवहारिक रूप में अपनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि वन विभाग द्वारा सभी सरकारी विभागों और सामाजिक संस्थाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार पौधे निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) सुरिंदर सिंह, सहायक निदेशक बागवानी जतिंदर सिंह संधू, नोडल इंचार्ज धर्मिंदर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर सी.ई.ओ. तीरथपाल सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी सुखमन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News