
अमृतसर, 12 सितंबर(राजन): श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से आज सुबह कंपनी बाग, अमृतसर में विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। विधानसभा हलका अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अमृतसर केंद्रीय के विधायक डॉ. अजय गुप्ता और डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया तथा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज को समानता, आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भावना और मानवता का महान संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह मैराथन केवल एक खेल गतिविधि नहीं है, बल्कि गुरु साहिब की विचारधारा और उनके मानवतावादी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि युवाओं को श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा समाज में भाईचारे और समानता की भावना को और मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ने से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पल्लवी मिश्र और एस.डी.एम.-1 अलका कालिया की ओर से अमृतसर के तीन महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों के अलावा कॉमनवेल्थ और एशियन खेलों के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मैराथन पूरी करने वाले युवाओं को पदक देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ खेलों और अन्य शारीरिक गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
जिला खेल अधिकारी श्री गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मैराथन में 700 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, पदक और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध करवाई गई।
मैराथन सुबह 7 बजे कंपनी बाग से शुरू हुई। प्रतिभागियों ने नोवेल्टी चौक, कस्टम चौक, रियाल्टो चौक, अशोका चौक, क्रिस्टल चौक, हुकम सिंह रोड और एस.एस.एस.एस. चौक से होते हुए वापस कंपनी बाग पहुंचकर मैराथन पूरी की।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News