
अमृतसर, 23 सितंबर(राजन): गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के डायरेक्टोरेट ऑफ प्लेसमेंट एंड करियर एन्हांसमेंट की ओर से उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान वैश्विक आई.टी. कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने बैच 2027 के 134 विद्यार्थियों का चयन किया है। इनमें बी.टेक. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, बी.टेक. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, बी.टेक. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग तथा एम.सी.ए. के विद्यार्थी शामिल हैं।
डायरेक्टोरेट ऑफ प्लेसमेंट एंड करियर एन्हांसमेंट के डायरेक्टर डॉ. अमित चोपड़ा ने बताया कि इस भर्ती अभियान में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के अमृतसर स्थित मुख्य कैंपस के साथ-साथ जालंधर और गुरदासपुर क्षेत्रीय कैंपसों के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टीसीएस के 30 अधिकारियों की टीम ने विद्यार्थियों की योग्यता परखने के लिए तकनीकी, मानव संसाधन तथा प्रबंधकीय स्तर की कई चरणों वाली कठोर चयन प्रक्रिया आयोजित की। चयनित विद्यार्थियों को 9.09 लाख रुपये सालाना तक का पैकेज ऑफर किया गया है।
चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए अपने प्रशिक्षण ढांचे और अकादमिक मानकों को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर की प्रौद्योगिकी कंपनी द्वारा इतने बड़े स्तर पर विद्यार्थियों का चयन यूनिवर्सिटी की उद्योग-उन्मुख शिक्षा, मजबूत अकादमिक आधार और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डीन अकादमिक मामले प्रो. हरविंदर सिंह सैनी और रजिस्ट्रार प्रो. डॉ. के.एस. चहल ने कहा कि गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को वास्तविक पेशेवर वातावरण के लिए तैयार करने हेतु अपने बुनियादी ढांचे तथा उद्योग जगत के साथ साझेदारियों को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रमुख कंपनियों द्वारा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की हो रही भर्ती इन प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News