
अमृतसर, 23 जुलाई (राजन): पंजाब सरकार के लोकल बॉडी विभाग द्वारा अगले नगर निगम चुनाव को लेकर शहर की वार्ड बंदी गठित करने के लिए नगर निगम को सर्वे करवाने के आदेश दिए हुए हैं। लोकल बॉडी विभाग द्वारा नगर निगम को शहर का पूरा सर्वे करने के लिए 25 जुलाई तक का समय दिया हुआ है। नगर निगम इस वक्त लोकल बॉडी विभाग द्वारा दी गई समय अवधि से काफी पीछे चल रहा है। शहर में लगभग 3 लाख से अधिक घर है। पिछले कुछ दिनों से सर्वे की धीमी गति के चलते आज शनिवार को 1652 घरों का ही सर्वे हो पाया है। अभी भी लगभग 128217 घरों का सर्वे होना शेष है।
अगर यही रफ्तार रही आने वाले डेढ़ महीने में सर्वे होगा पूरा
नगर निगम की अगर सर्वे करने की यही रफ्तार रही तो आने वाले डेढ़ महीने में सर्वे पूरा होगा। जब 15 जून को शहर का सर्वेशुरू किया गया था तब सर्वे करने के लिए तत्कालीन ज्वाइंट कमिश्नर हरदीप सिंह द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। इनमें चंडीगढ़ से ट्रेनिंग लेकर आए ड्राफ्ट्समैन दिनेश कुमार तथा नवदीप द्वारा गठित किए गए 10 ब्लॉक अधिकारियों तथा फील्ड में उतारे गए 301 मुलाजिमों को ट्रेनिंग दी गई। उस वक्त ज्वाइंट कमिश्नर हरदीप सिंह ने ब्लॉक अधिकारियों तथा सर्वे टीमों प्रतिदिन 10 हजार से अधिक घरों का सर्वे करने के कड़े आदेश जारी किए थे। पिछले कई दिनों से प्रतिदिन का सर्वे का आंकड़ा काफी गिर गया है। छोटे ब्लॉक मिलने के कारण 3 ब्लॉक अधिकारियो और लगभग 232अपनी ड्यूटी पूरी कर चुके हैं। अब मात्र 69 मुलाजिम ही सर्वे कर रहे हैं। शेष बचे अधिकारियों और मुलाजिमों की काफी संख्या घट गई है। यह भी एक वजह है कि सर्वे होने की गति धीमी हो गई है। इसमें तेजी लाने की आवश्यकता है। इसके लिए अधिकारियों और मुलाजिमों की संख्या भी बढ़ाने की आवश्यकता है।
‘अमृतसर न्यूज़ अपडेटस” की व्हाट्सएप पर खबर पढ़ने के लिए ग्रुप ज्वाइन कर