
अमृतसर, 17 जून :अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गैंगस्टरों और आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में 4 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 10 पाकिस्तानी निर्मित पिस्तौल, कई मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं। अमृतसर बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने पत्रकारों को बताया कि थाना लोपोके, जंडियाला, स्पेशल सेल और अमृतसर ग्रामीण पुलिस की टीमों ने मिलकर यह.कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सीमा पार बैठे गैंगस्टर और देश विरोधी ताकतें पंजाब के युवाओं को गुमराह करने और प्रदेश का माहौल खराब करने की साजिशें रच रही हैं, लेकिन पंजाब पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पहले आरोपी जस्करन सिंह के पास से पांच पिस्तौल, नौ मैगजीन और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान उसके अन्य साथियों की पहचान भी हो चुकी है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं दूसरे आरोपी मनीष कुमार उर्फ मनी को भी गिरफ्तार कर तीन पिस्तौल और लगभग 400 ग्राम नशीला पदार्थ
बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि मनीष पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने रवलजीत सिंह उर्फ सोनू और उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। इन्होंने ही कांग्रेस नेता के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल बम फेंका था। पुलिस के मुताबिक ये दोनों जंडियाला गुरु में एडवोकेट लखविंदर सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में एक सरपंच पर हुई फायरिंग की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। इनके पास से दो विदेशी पिस्तौल भी बरामद की गई हैं।
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने खुलासा किया कि आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, विदेशी हैंडलरों और ड्रोन के जरिए हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी जेल में बंद गैंगस्टरों के संपर्क में थे और रंगदारी, फायरिंग तथा हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News