
अमृतसर, 27 जून (राजन): लुधियाना वैस्ट के उप-चुनाव में जीत हासिल करने के बाद राज्यसभा सांसद से विधायक बने संजीव अरोड़ा अब कैबिनेट मंत्री बनने जा रहे हैं। इस संबंध में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल सहित अन्य सीनियर नेताओं मनीष सिसोदिया, संजय सिंह व आतिशी द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान घोषणा की गई थी और अब राज्यपाल से मिलने के बाद सीएम भगवंत मान ने भी इसकी पुष्टि कर दी गई है कि संजीव अरोड़ा को आने वाले कुछ दिनों में मंत्री बना दिया जाएगा। जिसके बाद से सियासी चर्चा छिड़ गई है कि संजीव अरोड़ा के साथ और नए विधायक भी मंत्री के रूप में सीएम मान की कैबिनेट में शामिल होने जा रहे हैं।
अमृतसर से एक विधायक के मंत्री बनने की संभावना
इसके अलावा कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल के साथ कुछेक की कैबिनेट में से छुटटी होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। अमृतसर से एक विधायक के मंत्री बनने की संभावना है। पिछले 35 वर्षों में पहली बार है कि अमृतसर शहर से पंजाब मंत्रिमंडल में कोई भी विधायक मंत्री पद पर नहीं है। अमृतसर शहर से विधायक डॉ इंद्रबीर सिंह निज्जर ने 30 मई 2023 को पंजाब कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। अब 2 साल बाद शहर से एक विधायक को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में मौजूद केजरीवाल व मान के बीच इस मुद्दे पर विचार हुआ है जिसमें परफॉर्मैंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल या कैबिनेट में से छुट्टी करने का फैसला किया जाएगा।
अब तक 6 बार हो चुका है फेरबदल
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से लेकर अब तक करीब 3 साल के दौरान भगवंत मान की कैबिनेट में 6 बार फेरबदल हो चुका है। इनमें आखिरी फेरबदल जालंधर वैस्ट चुनाव के बाद हुआ था, जब वायदा पूरा करने के लिए मोहिंद्र भगत को मंत्री बनाया गया था और 4 नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए थे।
पहले ये हटाए गए हैं मंत्री
पंजाब में पहले 6 बार फेरबदल में ब्रह्मम शंकर जिंपा,फौजा सिंह सरारी,विजय सिंगला,अनमोल गगन मान,चेतन सिंह जोड़ामाजरा, डॉ इंद्रबीर निज्जर,बलकार सिंह मंत्री पद से हटाया गया।अब संजीव अरोड़ा के साथ किसी और नए मंत्रियों को शामिल करने या कुछेक को बाहर का रास्ता दिखाने के रूप में यह 7वां फेरबदल होगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News