
अमृतसर, 20 फरवरी:गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के साइक्लिंग वेलोड्रोम में भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत दो दिवसीय अस्मिता वीमेन साइक्लिंग लीग नॉर्थ ज़ोन ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई।

इस दौरान उत्तर भारत के आठ राज्यों की लगभग 400 महिला साइकिल खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नॉर्थ ज़ोन प्रभारी एवं सहायक सचिव नीरज तंवर की निगरानी में यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) तथा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित की गई। नीरज तंवर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए फेडरेशन के चेयरमैन श्री ओंकार सिंह और महासचिव श्री मनिंदरपाल सिंह का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की विभिन्न वर्गों की विजेताओं को पदक एवं कुल 3,45,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
सब-जूनियर वर्ग की स्क्रैच रेस एवं केरिन रेस में पंजाब की अंजली जाखड़, तरुण कुमारी और पलकप्रीत कौर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर महिला वर्ग की 500 मीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में पंजाब की पलकप्रीत कौर ने स्वर्ण, जपनीत कौर ने रजत तथा अंजली ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसी वर्ग की केरिन एवं स्क्रैच रेस में पंजाब की हरिस्ता जाखड़ ने प्रथम, सुहानी ने द्वितीय तथा हरियाणा की भूमिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला एलीट वर्ग की 10 किलोमीटर स्क्रैच रेस में पटियाला की रजिया देव, चैनिका गंगोई और सिया लालवानी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की केरिन रेस में पंजाब की रजिया देव ने स्वर्ण, चैनिका गंगोई ने रजत तथा संतोषी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. कंवर मनदीप सिंह जिमी ढिल्लों ने साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से महिला खेल क्षेत्र को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लड़कियों की भागीदारी खेलों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के साइक्लिंग वेलोड्रोम से संबंधित कुछ मांगें भी फेडरेशन के समक्ष रखीं और कहा कि यदि इन मांगों को पूरा किया जाता है तो वेलोड्रोम की कार्यक्षमता और भी बेहतर हो जाएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार होंगे।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग कोच राजेश कौशिक, कोच सतबीर सिंह, कोच भूपिंदर कुमार, कोच नवदीप सिंह, कोच गौरव, मैडम राजविंदर कौर, खेल प्रमोटर बलजिंदर सिंह मट्टू, नरेंद्र सिंह (रेलवे), जसपाल सिंह, हरप्रीत कौर, बलदेव सिंह, जी.एस. संधू सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News