महान शहीदों के बलिदान सदैव राष्ट्रवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे : एसडीएम अलका कालिया

अमृतसर, 31 जुलाई(राजन): शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, अमृतसर द्वारा जलियांवाला बाग के बाहर स्थापित शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर एसडीएम अमृतसर-1 अलका कालिया ने जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक के सचिव मुखर्जी के साथ शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अलका कालिया ने कहा कि जलियांवाला बाग के नरसंहार का प्रतिशोध लेकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा देने वाले महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह का अद्वितीय बलिदान देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी, सम्मान और स्वाभिमान के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन और उनका बलिदान हमें देशभक्ति, साहस, समर्पण तथा राष्ट्रसेवा की भावना से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महान शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
जिला प्रशासन ने शहीद ऊधम सिंह को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News