
अमृतसर, 31 जुलाई (राजन):पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमृतसर देहात पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि पुलिस पोस्ट चमियारी, पुलिस स्टेशन अजनाला पर हुए हमले में शामिल चार आरोपियों को पकड़ लिया है, जहाँ मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने पुलिस पोस्ट पर आग लगाने वाली चीज़ फेंकी थी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह अजनाला इलाके में कार्रवाई करते हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़े चार संदिग्धसदस्यों को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमदास निवासी करणबीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों का कहना है कि यही गिरोह पहले भी पुलिस थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बोतल बम और ग्रेनेड से हमलों में शामिल रहा है। आरोप है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर इन आरोपियों ने 23 जुलाई की आधी रात सीमावर्ती थाना अजनाला की पुलिस चौकी चमियारी पर बोतल बम फेंका था। हालांकि उस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी और पुलिस अधिकारियों ने उस समय चौकी पर हमले की पुष्टि नहीं की थी।
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह ने बताया कि पहले एक आतंकी का इंस्टाग्राम के जरिए ISI हैंडलर ‘राणा बाई से संपर्क हुआ। इसके बाद उसने अपने साथियों को इस साजिश में शामिल किया। आरोपियों के खातों में इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क होने के बाद 1,500 रुपए भेजे गए । फिर वारदात को अंजाम देने के बाद 15 हजार रुपए भी गूगल-पे के जरिए भेजे गए, जबकि सफल हमले के बाद 50 हजार रुपए और देने का वादा किया गया था। पुलिस केअनुसार, यह रकम विदेशी खाते से आई थी, लेकिन किस देश से भेजी गई, इसका खुलासा जांच पूरी होने तक नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा इनका कनेक्शन ASI जोगा मर्डर केस से जुड़ा बताया जा रहा है। जिसे एक्टिवा पर जाते समय गोलियां मारी गई थीं। इसके बाद वीडियो जारी कर आतंकी संगठन से इसकी जिम्मेदारी ली थी। एसएसपी ने कहा कि इस मामले में हम बहुत करीब पहुंच गए हैं।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या एएसआई जोगा सिंह की हत्या और आर्मी क्षेत्र खासा के बाहर हुए धमाके में भी इसी गिरोह का हाथ था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News