
अमृतसर,19 सितंबर (राजन):अमृतसर शहर में सरफेस वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट के तहत एल एंड टी कंपनी द्वारा तरनतारन रोड स्थित चाटीविंड नहर के पास सड़क के नीचे अंडरग्राउंड पाइप डालने के दौरान पाइप टूट गई। पाइप टूटने के बाद नहर से निकला पानी साहिबजादा जुझार सिंह नगर और भाई मान सिंह रोड सहित आसपास के रिहायशी इलाकों और सड़कों तक पहुंच गया।नहर का पानी सड़क के नीचे से खाली प्लाटों में भर गया और रिहायशी इलाके की तरफ जाने लगा। पानी का बहाव बढ़ने से आसपास के लोगों में चिंता का माहौल बन गया। प्रशासन, कंपनी के अधिकारियों और स्थानीय लोगों द्वारा कार्य करके स्थिति पर काफी हद तक कंट्रोल पा लिया है।
निगम कमिश्नर तमाम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। पानी के बहाव को नियंत्रित करने की कोशिश पानी को रिहायशी इलाके की तरफ जाने से रोकने के लिए
आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की ओर से बोरियां और अन्य सामान डालकर पानी के रास्ते को बंद करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पानी का बहाव रिहायशी क्षेत्र की तरफ न बढ़े। लोग अपने स्तर पर पानी को रोकने के लिए रास्ता बंद करने में जुटे हुए हैं। मौके पर मौजूद अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और पानी के बहाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एलएंडटी की जिम्मेदारी तय करने की बात कही

मौके पर पहुंचे सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि सरफेस वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का काम एलएंडटी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में काम के दौरान सुरक्षा और तकनीकी सावधानियों का पालन करना जरूरी था।उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि लापरवाही किसकी रही। यदि कंपनी या संबंधित विभाग की गलती सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी तय करवाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से बात की जाएगी और कंपनी की जिम्मेदारी भी निर्धारित करवाई जाएगी।
फिलहाल नहर की पीछे से पानी की सप्लाई बंद करवा दी गई :विधायक निज्जर

मौके पर पहुंचे विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि एलएंडटी कंपनी द्वारा नहर के साथ 6 फीट चौड़ी पाइप डाली गई। पाइप के टूट जाने के कारण पानी का बहाव सड़कों और रिहायशी इलाकों की ओर जाने लगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी का ध्यान पानी के बहाव को रिहायशी इलाके की तरफ जाने से रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने पर है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नहर की पीछे से पानी की सप्लाई बंद करवा दी गई है।प्रशासन की ओर से मौके पर स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर पानी को रोकने के लिए बोरियां और अन्य सामान लगा रहे हैं। फिलहाल रास्ता बंद है और स्थिति सामान्य होने के बाद ही यहां से आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News