
अमृतसर, 3 मई: चिन्मय मिशन अमृतसर द्वारा “चिन्मय अमृत महोत्सव 2026” के उपलक्ष्य में डी ए वी कॉलेज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शास्त्री नगर में 1008 कुण्डीय समष्टि हनुमान चालीसा हवन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शीर्षक “Chant Amritsar – Shant Amritsar” रखा गया, जिसके अंतर्गत शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए सामूहिक उच्चारण एवं हवन संपन्न किया गया। सायं 6:00 बजे से 8:30 बजे तक चले इस आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि स्वामी चिद्रूपानंद जी (हेड, चिन्मय मिशन, नोएडा) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस पावन अवसर पर चिन्मय मिशन अमृतसर के अध्यक्ष अविनाश महेंद्रू द्वारा मुख्य अतिथि गुलाब चंद कटारिया का हार्दिक एवं गरिमामय स्वागत किया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथि स्वामी चिद्रूपानंद जी का भी आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का भी सादर एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का स्नेहपूर्वक अभिनंदन करते हुए इस दिव्य आयोजन में उनकी सहभागिता की सराहना की।
अपने स्वागत उद्बोधन में अविनाश महेंद्रू ने कहा कि यह भव्य 1008 कुण्डीय समष्टि हनुमान चालीसा हवन चिन्मय मिशन के 75 वर्षों की गौरवशाली आध्यात्मिक यात्रा के अंतर्गत चल रहे चिन्मय अमृत महोत्सव का एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पड़ाव है। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना, एकता, सेवा और भक्ति का जीवंत प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है।

इसके पश्चात स्वामी चिद्रूपानंद जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हनुमान चालीसा केवल भक्ति का पाठ नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला एक आध्यात्मिक विज्ञान है।” उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन व्यक्ति को अहंकार से मुक्त कर समाज के प्रति समर्पण की भावना जागृत करते हैं। स्वामी जी ने सभी से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में अनुशासन, सेवा और सकारात्मक सोच को अपनाकर समाज में सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करें। उन्होंने चिन्मय मिशन के इस प्रयास को 75 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा का प्रेरक एवं ऐतिहासिक पड़ाव बताया।
अपने संबोधन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि ऐसे भव्य आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना और मानसिक शांति का संचार करते हैं। उन्होंने चिन्मय मिशन, अमृतसर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था आध्यात्मिकता के साथ-साथ सेवा और संस्कारों को भी समाज में सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि समष्टि हवन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिक चेतना और ‘हम’ की भावना को मजबूत करने का प्रतीक है। हवन से पर्यावरण शुद्धि के साथ-साथ आत्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त होता है।
राज्यपाल ने युवाओं को हनुमान जी के आदर्शों को अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि वे अपने जीवन में बल, बुद्धि, विद्या और विनम्रता को स्थान दें तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सद्भाव, शांति और राष्ट्र निर्माण की भावना को और सशक्त करेंगे। अंत में उन्होंने सभी के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए चिन्मय मिशन को बधाई दी।
हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से सम्पन्न इस आयोजन में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं हवन के माध्यम से शांति ,प्रगति और समृद्धि का संदेश दिया गया। पूरा वातावरण भक्ति, ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत रहा।
हवन सम्पन्न होने के उपरांत भवन्ज़ एस एल पब्लिक स्कूल अमृतसर के छात्रों द्वारा पवनपुत्र हनुमान जी के जीवन एवं गुणों पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के सफल एवं सृजनात्मक निर्माण में विद्यालय के प्रबंधक समिति एवं शिक्षकों का विशेष योगदान सराहनीय रहा।
इस भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन की संकल्पना से लेकर सफल क्रियान्वयन तक का सम्पूर्ण दायित्व चिन्मय मिशन अमृतसर के अध्यक्ष अविनाश महेंद्रू, प्रोजेक्ट चेयरमैन एवं प्रिंसिपल जे.पी. शूर, सचिव अश्विनी मल्होत्रा , वानप्रस्थ संस्थान के सचिव प्रो. एस.एन. जोशी, ट्रस्टी डॉ. अनीता भल्ला एवं ट्रस्टी अनिल सिंघल के समर्पित नेतृत्व एवं अथक प्रयासों से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण शुद्धि और सामूहिक चेतना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करते हुए चिन्मय अमृत महोत्सव की 75 वर्षों की गौरवशाली आध्यात्मिक यात्रा को सार्थक रूप से अभिव्यक्त किया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News